सेक्टर-10 में तेज रफ्तार बाइक का कहर: 14 वर्षीय बच्ची ICU में भर्ती, परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया



मोटरसाइकिल की टक्कर से लड़की गंभीर रूप से घायल, नहीं मिल पा रहा न्याय

Noida। नोएडा के सेक्टर-10 क्षेत्र में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची का दिल्ली के ट्रॉमा सेंटर में ऑपरेशन हो चुका है और वह फिलहाल आईसीयू में भर्ती है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना के कई दिन बाद भी पुलिस ने न तो आरोपी को गिरफ्तार किया है और न ही मुकदमा दर्ज किया गया है।

पीड़ित बच्ची के पिता रामसरीख के अनुसार, घटना 11 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है। उनकी पुत्री कुसुम सेक्टर-10 और सेक्टर-10 के पास बने शौचालय गई थी। बाहर निकलते समय तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चला रहे राहुल पुत्र बैजनाथ निवासी ए-ब्लॉक, सेक्टर-10 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कुसुम के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गई।

परिजनों ने तुरंत बच्ची को सरकारी अस्पताल सेक्टर-39 पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। लेकिन रातभर उसकी हालत बिगड़ती रही और दिमाग ठीक से काम नहीं कर रहा था। अगले दिन निजी अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर बताते हुए चेतावनी दी कि उल्टी होने पर खतरा बढ़ सकता है।

कुछ समय बाद बच्ची की तबीयत और बिगड़ गई तथा लगातार उल्टियां होने लगीं। इसके बाद परिजन उसे दिल्ली स्थित लोक नायक जयप्रकाश ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने बताया कि सिर की नस में चोट लगने से खून जम गया है और तत्काल ऑपरेशन जरूरी है। डॉक्टरों ने ऑपरेशन के दौरान खतरे की आशंका भी जताई। फिलहाल बच्ची का ऑपरेशन हो चुका है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना की लिखित शिकायत थाना फेज-1 पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी और उसके परिजन लगातार गालियां और धमकियां दे रहे हैं, जिससे परिवार भय के माहौल में जी रहा है।

परिजनों ने प्रशासन और पुलिस से जल्द कार्रवाई कर आरोपी की गिरफ्तारी तथा परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।




Post a Comment

Previous Post Next Post