हरियाणा में जलने वाली पराली और वहां से यमुना में छोड़े जाने वाले इंडस्ट्रियल वेस्ट की वजह से दिल्ली में वायु और जल प्रदूषण हो रहा है- विनय मिश्रा

नई दिल्ली : ‘आप’ विधायक विनय मिश्रा से सोमवार को औपचारिक रूप से दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष का पद संभाल लिया। इसी के साथ ही उन्होंने अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन में दिल्लीवासियों को स्वच्छ पानी और मुफ्त जल उपल्ब्ध करने का भरोसा दिलाया है। इस अवसर पर विनय मिश्रा ने कहा कि भाजपा ने अपनी गंदी राजनीति के चलते डीजेबी को एक साल से अपंग बना दिया था, पानी की सप्लाई और सीवर की सफाई के काम ठप्प कर दिए थे। केजरीवाल के दिशानिर्देश में फिर पटरी पर लौटेगा जल बोर्ड, हम दिल्लीवासियों की पानी और सीवर की समस्या को जल्द हल कर देंगे। छठ पूजा हमारे लिए एक बहुत बड़ा आयोजन है, आप सरकार हर साल की तरह इस बार भी यमुना नदि पर छठ पूजा के अच्छे इंतजाम करेगी। हरियाणा में जलने वाली पराली और वहां से यमुना में छोड़े जाने वाले इंडस्ट्रियल वेस्ट की वजह से दिल्ली में वायु और जल प्रदूषण हो रहा है। मैंने सीएम आतिशी से अपील की है कि वह हरियाणा सरकार से बात करके वहां से आ रहे इंडस्ट्रियल वेस्ट को रुकवाएं ताकि हम दिल्लीवालों को साफ पानी मिल सके।
इस दौरान विनय मिश्रा ने कहा कि दिल्ली पिछले एक साल से चुनौतियों का सामना कर रही है। इन्होंने दिल्ली के कामों को रोकने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सबसे पहले इन्होंने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री को गिरफ्तार करवाया और फिर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी गिरफ्तार करवाया ताकि दिल्ली के विकास कार्यों को रोका जा सके। पिछले एक साल से इन्होंने हर विभाग के काम में अड़चन डाली है, चाहे वह विधवा पेंशन हो, डॉक्टरों की तनख्वाह हो, मोहल्ला क्लीनिक में टेस्ट हो, दवाएं हों, अस्पतालों में डेटा एंट्री ऑपरेटर्स की नौकरी हो या बस मार्शल की नियुक्ति हो। इन्होंने सबको बर्खास्त करके काम रोकने की पूरी कोशिश की है। दिल्ली जल बोर्ड को भी इन्होंने पिछले एक साल से अपंग कर दिया था। न तो पानी की सप्लाई सही से करने दे रहे हैं और न सीवर की सफाई होने दे रहे हैं। लेकिन अब अरविंद केजरीवाल बाहर आ गए हैं और उनके आने के बाद दिल्ली में युद्ध स्तर पर काम हो रहे हैं। सड़कों की मरम्मत की जा रही है, और अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर अब दिल्ली जल बोर्ड भी बहुत जल्द पटरी पर आ जाएगा। सीवर और पानी की समस्याओं को हम जल्द ही हल कर देंगे। विनय मिश्रा ने कहा कि हरियाणा में पराली जलाने की वजह से दिल्ली में प्रदूषण बढ़ रहा है। अरविंद केजरीवाल से नफरत करते-करते भाजपा अब दिल्ली के लोगों से भी नफरत करने लग गई है। पराली के धुएं के बाद अब हरियाणा से आने वाले इंडस्ट्रियल वेस्ट की वजह से यमुना में अमोनिया का स्तर इतना बढ़ गया है। हर साल 12 से लेकर 31 अक्टूबर तक मेंटेनेंस की वजह से गंग नहर बंद रहती है, जिसके कारण हमें वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में यमुना से पानी लेना पड़ता है। लेकिन अमोनिया का स्तर अधिक होने की वजह से हमारे प्लांट अपनी पूरी क्षमता से काम नहीं कर पा रहे हैं। रविवार को मैंने सोनिया डब्ल्यूटीपी का दौरा भी किया था, जिसमें हमने पाया कि अमोनिया का स्तर 0.9 पीपीएम था, जोकि बहुत खतरनाक है। मैंने मुख्यमंत्री आतिशी से मिलकर अपील की है कि वह हरियाणा सरकार से बात करें और हरियाणा से यमुना नदी में छोड़े जा रहे इंडस्ट्रियल वेस्ट को तुरंत रुकवाएं ताकि हम दिल्ली के लोगों को साफ पानी उपलब्ध करवा सकें। विनय मिश्रा ने कहा कि यमुना में झाग वाली तस्वीरें हरियाणा की तरफ की थीं। भाजपा के अध्यक्ष ने जब यमुना में डुबकी लगाई, तब कोई झाग नहीं दिखा। ये लोग केवल प्रोपगेंडा फैलाते हैं। दिल्ली सरकार पूरी तरह से प्रयासरत है। छठ पूजा हमारे लिए एक बहुत बड़ा आयोजन है और सरकारी स्तर पर हर घाट पर टेंट, साउंड समेत सारी व्यवस्थाएं की जाती हैं। यमुना पर भी छठ पूजा के लिए बेहतर इंतजाम कराए जाएंगे।
विनय मिश्रा ने कहा कि आनंद विहार में आने वाली डीजल बसों से भी प्रदूषण हो रहा है। अगर हरियाणा और बाकी पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की घटनाओं को कम किया जाए, तो दिल्ली के वायु प्रदूषण में सुधार हो सकता है। जब से भाजपा केंद्र सरकार में आई है, उसने केवल काम रोके हैं। हमने प्रदूषण के कारणों का पता लगाने के लिए आईटी विशेषज्ञों को रियल टाइम असेसमेंट पर लगाया था, लेकिन इन्होंने उनकी पेमेंट तक रोक दी। केंद्र सरकार प्रदूषण के मुद्दे पर गंभीर नहीं है। पिछले साल अगस्त में प्रदूषण को लेकर उच्चस्तरीय बैठक हो गई थी, जिसकी वजह से काम तेजी से हो रहे थे। लेकिन इस साल की बैठक अभी कुछ ही दिनों पहले हुई है। इनकी मंशा काम करने की नहीं, बल्कि केवल काम रोकने की है। जनता देख रही है कि देश के 22 राज्यों में इनकी सरकार है, लेकिन ये कहीं भी काम नहीं कर रहे और सिर्फ दिल्ली सरकार पर दोषारोपण कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भी वायु गुणवत्ता सूचकांक उच्च स्तर पर है। इन राज्यों में बिजली महंगी है और पानी की भी समस्या है। दिल्ली सरकार इन चीज़ों को लेकर काफी गंभीर है और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में काम कर रही है। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कृत्रिम बारिश कराने की भी बात कही है। अगर केंद्र सरकार इस पर सकारात्मक रुख अपनाती है, तो हम जल्द ही दिल्ली को प्रदूषण से मुक्ति दिलाने में सक्षम हो पाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post