प्रदूषण की मार: यूपी कबड्डी लीग सीजन-2 अस्थायी रूप से स्थगित

 


नोएडा : दिल्ली-एनसीआर में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता को देखते हुए उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग (UPKL) सीजन-2 की शुरुआत को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। यह टूर्नामेंट 24 दिसंबर से नोएडा के इंडोर स्टेडियम में शुरू होने वाला था। यूपीकेएल के संस्थापक और सीईओ संभव जैन ने इसकी आधिकारिक जानकारी दी।

संभव जैन ने कहा कि वर्तमान गंभीर वायु गुणवत्ता की स्थिति को देखते हुए खिलाड़ियों, दर्शकों और टूर्नामेंट से जुड़े सभी अधिकारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि लीग प्रबंधन सीजन शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार था, लेकिन मौजूदा पर्यावरणीय हालात में टूर्नामेंट का आयोजन सभी हितधारकों के हित में नहीं होता।

यूपी कबड्डी लीग सीजन-2 में कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी टीमें राउंड रॉबिन आधार पर 11-11 मुकाबले खेलेंगी। प्रतियोगिता में कुल 69 मुकाबले आयोजित होने थे, जिनमें एक प्रदर्शनी मैच भी शामिल है।

इस लीग में विनय तेवतिया, अर्जुन देशवाल, मोहम्मद अमान, अभिमन्यु और आरपी सिंह जैसे कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भाग लेने वाले हैं। टूर्नामेंट में दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है।

लीग प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जैसे ही हालात अनुकूल होंगे, सीजन-2 का संशोधित कार्यक्रम जारी किया जाएगा। आयोजकों ने कबड्डी प्रेमियों से आधिकारिक अपडेट के लिए जुड़े रहने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post