नोएडा: उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग (UPKL) सीजन-2 की शुरुआत गुरुवार को नोएडा इनडोर स्टेडियम में रोमांचक मुकाबलों के साथ हुई। लीग के पहले मैच में जेडी नोएडा निंजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कानपुर वारियर्स को 3 अंकों से शिकस्त दी।
पहले मुकाबले में कानपुर वारियर्स ने रेड पॉइंट, टैकल पॉइंट और बोनस पॉइंट के जरिए कुल 36 अंक हासिल किए, जबकि जेडी नोएडा निंजा ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 39 अंक जुटाकर मुकाबला अपने नाम किया।
मैच के दौरान दर्शक दीर्घा पूरी तरह खचाखच भरी रही। दोनों टीमों के समर्थक पूरे उत्साह के साथ अपनी-अपनी टीम का हौसला बढ़ाते नजर आए। जीत के बाद नोएडा निंजा के ओनर दीपक नागर ने खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
लीग के पहले दिन दूसरा मुकाबला मिर्जापुर किंग्स और लखनऊ लॉयन्स के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया।
यूपीकेएल के संस्थापक और सीईओ संभव जैन ने बताया कि लीग मुकाबले पहले 24 दिसंबर से शुरू होने थे, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के प्रदूषण संबंधी आदेश और खेल निदेशालय के निर्देशों के कारण मुकाबलों की तारीख एक दिन आगे बढ़ानी पड़ी।
यूपीकेएल सीजन-2 में कुल 12 टीमें भाग ले रही हैं। सभी टीमें राउंड रॉबिन फॉर्मेट में 11-11 मुकाबले खेलेंगी। प्रतियोगिता में कुल 69 मैच खेले जाएंगे, जिसमें एक प्रदर्शनी मैच भी शामिल है।
इस सीजन में विनय तेवतिया, अर्जुन देशवाल, मोहम्मद अमान, अभिमन्यु और आरपी सिंह जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिससे लीग का रोमांच और भी बढ़ गया है।
