इंडिया हैबिटेट सेंटर में युवा आर्टिस्ट नविता कौशिक की एकल प्रदर्शनी ‘लिमिटलेस विज़न’ का शुभारंभ

14 जनवरी तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी प्रदर्शनी
नई दिल्ली। इंडिया हैबिटेट सेंटर के सेंट्रल एट्रियम में आाज युवा आर्टिस्ट नविता कौशिक की एकल प्रदर्शनी ‘लिमिटलेस विज़न’ की शुरुआत हुई। प्रदर्शनी का उदघाटन मुख्य अतिथि नवनीत कुमार सहगल, चेयरमैन, प्रसार भारती ने किया। उन्होंने नविता की कलाकृतियों को सराहा और नए कलाकारों को उनसे प्रेरणा लेने की सलाह दी। गेस्ट ऑफ ऑनर केपीएस मल्होत्रा, डीसीपी दिल्ली पुलिस ने भी नविता की पेंटिंग्स की तारीफ की। प्रदर्शनी उदघाटन सत्र में कला निर्देशक और समीक्षक काजी एम रागिब भी उपस्थित रहे। अपनी कला के बारे में चर्चा करते हुए नविता कौशिक ने कहा कि यह एक ऐसा माध्यम है जिसमें हम अपनी मर्जी से अपनी सोच को कैनवस पर उतार सकते हैं। जब हम उसे कहीं डिस्पले करते हैं, तब लोगों की प्रतिक्रिया से पता चलता है कि हमारा काम कहां तक पहुंचा है और कितनों को पसंद आया है। जब हमारी कृति किसी के घर या ऑफिस की दीवार पर सजता है, तब जो खुशी मिलती है, वही एक कलाकार की असली दौलत है। नविता को बड़े कैनवस पर काम करना पसंद है, जिसका उदाहरण यहां प्रदर्शित पेटिंग्स में भी देखने को मिला। नविता कौशिक ऐक्रेलिक और तेल माध्यमों का उपयोग करके अपने विचारों को व्यक्त करती हैं। वह कम उम्र से ही पेंटिंग और स्केचिंग करती रही हैं। खासकर उनके लकड़ी के काम ने दर्शकों को काफी आकर्षित किया। प्रदर्शनी में एक्रेलिक माध्यम से लेकर लकड़ी और रस्सी आदि का उपयोग करके बनाई गई 30 कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं। प्रदर्शनी 11 जनवरी से 14 जनवरी सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी। नविता की कला उनके कैनवस में उनके जीवंत रंगों, बनावट और अन्य सामग्री जैसे रत्न, रस्सी, लकड़ी आदि के माध्यम से पहचानी जाती है। नविता ने अपनी कलाकृतियों कथात्मक शैली के माध्यम से जीवंत किया है। वह लगातार प्रयोग करती रहती हैं और सार्थक प्रतीकों और कथाओं की खोज करके अपने कौशल को विकसित करती हैं। नविता वास्तु शास्त्र से भी प्रेरणा लेती हैं। उनकी पेंटिंग्स उन लोगों को पसंद आती हैं जो कैनवास पर कहानियां ढूंढ़ते हैं, साथ ही उनको भी आकर्षित करती हैं जो आध्यात्मिकता में विश्वास करते हैं और वास्तु के सिद्धांतों का पालन करते हैं।
पिछले कुछ वर्षों में, नविता ने कई प्रतिष्ठित प्रदर्शनियों में अपनी कला को प्रदर्शित किया है। अक्टूबर 2023 में आरकेजी फोटो गैलरी में उनकी एकल प्रदर्शनी में विभिन्न माध्यमों और तकनीकों को दिखाया गया, जबकि 2024 की शुरुआत में लोकायत आर्ट गैलरी में उनकी भागीदारी ने समृद्धि, सफलता और वास्तु की उनकी विषयगत खोज को उजागर किया। इसके अलावा, द ललित होटल में क्यूरेटेड प्रदर्शनियों और अक्टूबर 2024 में एआईएफएसीएस में यूनिटी इन हार्मनी ग्रुप शो में उनके योगदान ने उनके शिल्प के प्रति उनकी निरंतर दृढ़ता और जुनून को दर्शाया। नविता का लक्ष्य ऐसी कला बनाना है जो उनके दर्शकों के लिए प्रेरणा और आत्मनिरीक्षण का स्रोत बने।

Post a Comment

Previous Post Next Post